Palamu : जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछुलिया, डगड़गवाटांड़ के जंगल से पुलिस ने एक 45 वर्षीय महिला का शव बरामद किया है. मृतका की पहचान नौडीहा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत स्थित सतबरवा निवासी लालो देवी के रूप में हुई है. मामले की जानकारी देते हुए नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि लालो देवी, उमेश यादव की पहली पत्नी थीं और पिछले कई वर्षों से बिहार के बकरीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थी. घटना स्थल से पुलिस को महिला के शव के साथ सल्फास का डिब्बा, एक बड़ा मोबाइल, चप्पल, पॉलिथीन में लौकी, करेला, भिंडी, सब्जी का बीज और मीठाई बरामद हुआ है.

पुलिस कर रही छानबीन
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस मामले की हर बिंदु से गहन छानबीन कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
