PM Modi’s Andhra Pradesh visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया. इस हवाई अड्डे के निर्माण पर करीब 5,000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. आंध्र प्रदेश सरकार इस आधुनिक हवाई अड्डे को पूरे उत्तर आंध्र क्षेत्र के विकास के लिए बहुत अहम मान रही है. सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया. इसके बाद वह राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे. इसके बाद प्रधानमंत्री खुली छत वाले वाहन से जनसभा स्थल पहुंचे. वहां जनजातीय समुदाय की 13,500 से अधिक महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने ढिमसा नृत्य करके उनका भव्य स्वागत किया.
यह भी पढ़ें: झारखंड के सरकारी स्कूलों की बदलेगी सूरत: धनबाद, सिंहभूम, गोड्डा और चतरा समेत कई जिलों में बनेंगे आधुनिक क्लासरूम
यह एयरपोर्ट आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है : पीएम मोदी
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास के लिए, स्वर्ण आंध्र के विजन के लिए बहुत अहम है. मुझे इस सुअवसर पर उत्तर आंध्र की इस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य मिला है. उन्होंने कहा, आज यहां करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है. हवाई अड्डे के साथ साथ ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश के सड़क संपर्क से भी जुड़ी हैं. इनमें उर्जा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं. ये विकास कार्य इस बात के प्रतीक हैं कि आंध्र किस गति से आगे बढ़ रहा है. मैं आप सभी को इन परियोजनाओं की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं. उन्होंने आगे कहा, आज एक ओर विकास के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं, साथ ही ढिमसा डांस का सास्कृतिक रिकॉर्ड भी रचा गया है. 13 हजार से ज्यादा आदिवासी बहनों और बेटियों की प्रस्तुति, उनका उत्साह, उनका अनुशासन और आदिवासी संस्कृति का गौरव… ये दृश्य वाकई अद्भुत था. इसमें देश की विविधता की झलक भी थी और पीढ़ी दर पीढ़ी सहेजकर रखी गई जनजातीय विरासत भी थी. मैं इस प्रस्तुति के लिए आप सभी का और विशेष रूप से मेरी आदिवासी बहनों-बेटियों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं. प्रधानमंत्री ने आगे कहा, अल्लूरी सीताराम राजू जी ने जिस धरती पर आदिवासी हितों के लिए अपना जीवन समर्पित किया, आज उसी धरती पर आंध्र प्रदेश के एक नए एयरपोर्ट की शुरुआत हो रही है. यह एयरपोर्ट आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है. ये आंध्र के युवाओं के बेहतर भविष्य का लॉन्चपैड है. मैं आंध्र प्रदेश के लोगों को, देश के लोगों को बहुत बहुत बधाई देता हूं.

“बीते 12 वर्षों में देश के विमानन क्षेत्र ने असाधारण प्रगति की है”
उन्होंने कहा, पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे. हमने इस परंपरा को बदला. हमने अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम वाल्मीकि के नाम से जोड़ा. हमने पंजाब में संत रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट का नाम जोड़ा और केंद्र की एनडीए सरकार ने ये निर्णय किया है कि इस नए एयरपोर्ट का नाम श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा. पीएम मोदी ने कहा, बीते 12 वर्षों में देश के विमानन क्षेत्र ने असाधारण प्रगति की है. 2014 तक देश में केवल 74 एयरपोर्ट्स ऑपरेशनल थे, आज ये संख्या 166 हैं. एक समय था, जब हवाई उड़ानें सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित थी, एनडीए सरकार में आज छोटे शहर के साधारण लोग भी फ्लाइट से आ-जा रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, आज देश नीली अर्थव्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है. हमारा दृष्टिकोण (विजन) है कि ये पूरा क्षेत्र तटीय आर्थिक गलियारे के रूप में विकसित हो. इसी लक्ष्य के साथ, विशाखापत्तनम से कृष्णापट्टनम तक… हमारे पुराने बंदरगाहों को आधुनिक रूप दिया जा रहा है. इसके अलावा, मुलापेटा और रामायापट्टनम में हम नए बंदरगाह भी बना रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे प्रतिभाशाली युवाओं की प्रतिभा का लाभ आंध्र प्रदेश और देश को ज्यादा से ज्यादा मिले, ये आवश्यक है. इसके लिए हमारा फोकस अब सेमीकंडक्टर जैसे भविष्यवादी प्रौद्योगिकी उद्योग पर है. विशाखापट्टनम में नए सेमीकंडक्टर संयंत्र का शिलान्यास, इसी दिशा में एक बड़ा कदम है.

यह भी पढ़ें: झारखंड में जल योजनाओं का बेड़ा गर्क करने वाली दो बड़ी कंपनियों पर जिडको का चला चाबुक, एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट

भारत भाग्यशाली है कि उसके पास परखा हुआ नेतृत्व : चंद्रबाबू नायडू
भोगपुरम में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, दुनिया के सभी लोकतांत्रिक देश नए नेतृत्व की तलाश में संकट का सामना कर रहे हैं. भारत भाग्यशाली है कि उसके पास परखा हुआ नेतृत्व है. नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे किए हैं और असाधारण काम किया है.
