Ranchi: राजधानी रांची के कांके रोड पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने जमकर कहर बरपाया. बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क पर चल रहे और किनारे खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
कई वाहन हुए क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार, कांके रोड पर तेज गति से जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया. इसके बाद ट्रैक्टर ने एक के बाद एक कई वाहनों में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो से तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया.

हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारण हुआ है. पुलिस चालक और दुर्घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

