Ranchi: पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने प्रस्तावित अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा नई रेल लाइन में बदलाव की मांग करते हुए बड़गढ़ और भंडरिया प्रखंडों को भी इस परियोजना से जोड़ने की पैरवी की है. इस संबंध में उन्होंने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की. सांसद ने कहा कि नई रेल लाइन की मंजूरी क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है, लेकिन मौजूदा रूट में बड़गढ़ और भंडरिया जैसे दूरस्थ व पिछड़े इलाके शामिल नहीं हैं. इससे इन क्षेत्रों के लोगों को रेल परियोजना का सीधा लाभ नहीं मिल पाएगा.
बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना का मुद्दा भी उठाया
उन्होंने रेलवे बोर्ड को बताया कि बड़गढ़ और भंडरिया के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन लगातार इन इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि दशकों से रेल सुविधा का इंतजार है, लेकिन नई योजना में भी उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया है. इसे लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध भी हो रहा है. सांसद ने सुझाव दिया कि यदि मुख्य रेल मार्ग में बदलाव संभव नहीं हो तो इन क्षेत्रों को लिंक रेल लाइन के माध्यम से जोड़ा जाए. उनका कहना है कि इससे हजारों लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, कृषि और वन उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा और क्षेत्र में रोजगार व निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.

मुलाकात के दौरान सांसद ने बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने रेलवे बोर्ड से इस लंबे समय से लंबित परियोजना को जल्द मंजूरी देने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और पिछड़े इलाकों के विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
ALSO READ: सरायकेला: पुलिस का बड़ा एक्शन; लोडेड देसी कट्टे के साथ 10 मामलों का आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
