Hazaribagh: झारखंड में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, हजारीबाग के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को DC के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा. BJP ने JPSC , JSSC-CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा समेत कई परीक्षाओं में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
ज्ञापन में कहा गया कि बार-बार पेपर लीक, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और कथित गड़बड़ियों के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा टूटा है. इससे मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं.
दोषियों पर कार्रवाई और पारदर्शी व्यवस्था की मांग
BJP नेताओं ने राज्यपाल से सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और भविष्य की भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की मांग की. साथ ही युवाओं को न्याय दिलाने और उनके हितों की रक्षा करने का आग्रह किया.

ALSO READ: रांची कांग्रेस ने संगठन को धार देने की बनाई रणनीति, बूथ से कॉलेज तक कमेटियां होंगी मजबूत
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुणाल दुबे ने किया. इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक यादव, जिला मंत्री इंद्र नारायण कुशवाहा, रेणुका साहू, विवेक सिंह, महेंद्र बिहारी, राजकरण पांडेय सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
