News Wave Desk: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. माधोटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव में 45 वर्षीय उमाशंकर की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनकी पत्नी ममता को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि महिला ने पहले कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पति को पिलाया और बेहोश होने के बाद साड़ी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. पुलिस मामले में प्रेम प्रसंग के एंगल की भी जांच कर रही है.

बच्चों को भी दी थी कोल्ड ड्रिंक, पीने से किया इनकार
लोहरपुरी गांव निवासी उमाशंकर खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. शुक्रवार शाम उनकी पत्नी ममता बाजार से कोल्ड ड्रिंक लेकर घर पहुंची. उसने पति के साथ दोनों बच्चों को भी कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी, लेकिन बच्चों ने इसे पीने से इनकार कर दिया और नीचे के कमरे में जाकर सो गए. मृतक के 18 वर्षीय बेटे विकास के मुताबिक, रात करीब 12 बजे उसे छत की ओर से कुछ आहट सुनाई दी. ऊपर पहुंचने पर उसने पिता को बिस्तर पर मृत अवस्था में देखा. इसके बाद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
बेहोश करने के बाद साड़ी से गला घोंटने का आरोप
परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप के मुताबिक, ममता ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उमाशंकर को पिलाया था. उनके बेहोश होने के बाद साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि शोर बाहर न पहुंचे, इसके लिए उनके मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया गया था. घटना के बाद महिला पर नकदी और जेवर लेकर घर से फरार होने का भी आरोप है. सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
वारदात के बाद ममता गांव में ही छिपी हुई थी. ग्रामीणों ने उसे देख लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
गुजरात में शुरू हुआ था कथित प्रेम प्रसंग
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के कथित प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में उमाशंकर अपने परिवार के साथ गुजरात में रह रहे थे. इसी दौरान ममता का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से कथित प्रेम संबंध शुरू हुआ था. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने कथित तौर पर कोर्ट मैरिज की थी. इसकी जानकारी होने के बाद उमाशंकर पत्नी और बच्चों को लेकर वापस गांव लौट आए थे.
पति मजदूरी के लिए गुजरात जाता रहा, प्रेमी के गांव आने का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, उमाशंकर कुछ समय गांव में रहने के बाद दोबारा गुजरात मजदूरी करने चले गए. इसी दौरान ममता के कथित प्रेमी के लोहरपुरी गांव आने-जाने की चर्चा सामने आई. ग्रामीणों ने कई बार एक युवक को महिला के घर के आसपास आते-जाते देखने की बात कही है. बताया जा रहा है कि जब भी उमाशंकर घर लौटते थे, पत्नी के कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था. पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर भी जांच कर रही है.
प्रेमी से मिलने पूरनपुर पहुंची थी महिला, सीढ़ी और कोल्ड ड्रिंक खरीदने की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को महिला के शुक्रवार को पूरनपुर जाने की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि उसका कथित प्रेमी कुछ दिन पहले पूरनपुर में किराए के मकान में रहने लगा था. शुक्रवार को ममता भी पूरनपुर पहुंची और उससे मुलाकात की. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान महिला ने बाजार से एक सीढ़ी और कोल्ड ड्रिंक खरीदी थी. इन सामानों की खरीद और महिला की गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस महिला के साथ-साथ कथित प्रेमी की भूमिका और घटना से पहले दोनों के बीच संपर्क की भी जानकारी जुटा रही है.

पुलिस बोली- विवाद और प्रेम प्रसंग, दोनों पहलुओं पर जांच
पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. पुलिस प्रेम प्रसंग के पहलू की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होगी.
