Latehar: जिला मुख्यालय स्थित चरमुहान, रेलवे स्टेशन रोड पर संचालित ‘सौम्या मेडिकल स्टोर’ में अवैध रूप से गर्भपात (अबॉर्शन) कराए जाने का एक गंभीर मामला उजागर हुआ है. शनिवार देर रात प्रशासनिक टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से पूरे शहर और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है. मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे इस काले कारोबार की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है.

डीसी के निर्देश पर देर रात हुई कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि चरमुहान स्थित सौम्या मेडिकल स्टोर में स्वास्थ्य नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से गर्भपात कराया जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी संदीप कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया और एक संयुक्त प्रशासनिक व पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी के निर्देश दिए.

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने डाला डेरा
डीसी का निर्देश मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात अचानक सौम्या मेडिकल स्टोर पर रेड मारी. देर रात हुई इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया. टीम ने मेडिकल स्टोर के भीतर जांच-पड़ताल की, जहां से अवैध गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य मिले. इसके तुरंत बाद प्रशासनिक टीम ने कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मेडिकल स्टोर को सील कर दिया.
