Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है. बारिश के बीच अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हजारों छात्र पूरी रात खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहने को मजबूर हुए. इस पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि प्रशासन ने आंदोलनरत छात्रों को तत्काल टेंट लगाने की अनुमति नहीं दी, तो वे स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचकर छात्रों के साथ टेंट लगवाने में श्रमदान करेंगे.

मुख्य सचिव से सीधी बातचीत और अल्टीमेटम
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मैंने राज्य के मुख्य सचिव से दूरभाष पर बात की है. उन्होंने प्रशासन के इस रवैये को बेहद असंवेदनशील करार देते हुए दो टूक कहा कि ये युवा देश और झारखंड का भविष्य हैं, और इनके साथ इस तरह का क्रूर व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने मुख्य सचिव से तुरंत हस्तक्षेप करने और छात्रों को राहत देते हुए टेंट लगाने की अनुमति देने का आग्रह किया है.
