बोकारो थर्मल में फ्लाई ऐश पर बड़ा विवाद, सरयू राय और आंदोलन समिति ने DVC को घेरा

Bermo : बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट के ऐश पॉन्ड से फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और निर्धारित मार्ग के...

Bermo : बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी पावर प्लांट के ऐश पॉन्ड से फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और निर्धारित मार्ग के उल्लंघन का मामला तूल पकड़ने लगा है. इसको लेकर दामोदर बचाओ आंदोलन और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने मोर्चा खोल दिया है. दामोदर बचाओ आंदोलन के बोकारो जिला सह संयोजक श्रवण सिंह ने सोमवार को डीवीसी बोकारो थर्मल के एचओपी को पत्र देकर अवैध परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है. वहीं सरयू राय ने भी बोकारो उपायुक्त का ध्यान इस मामले की ओर आकृष्ट कराते हुए कार्रवाई की मांग की है.

निर्धारित मार्ग छोड़ रिहायशी इलाकों से गुजर रहे ऐश वाहन

श्रवण सिंह ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि डीवीसी के ऐश पॉन्ड से पावर प्लांट स्थित रेलवे रेक लोडिंग स्थल तक फ्लाई ऐश परिवहन के लिए कुरपनिया-चार नंबर-जारंगडीह-कथारा मार्ग निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कुछ परिवहनकर्ता और संबंधित एजेंसियां आर्थिक लाभ के लिए निर्धारित मार्ग का उल्लंघन कर डीवीसी आवासीय कॉलोनी क्षेत्र से होकर ऐश लदे वाहनों का परिचालन कर रही हैं.

ओवरलोडिंग से बढ़ा प्रदूषण और दुर्घटना का खतरा

दामोदर बचाओ आंदोलन ने आरोप लगाया कि ओवरलोड फ्लाई ऐश वाहन स्कूल, कॉलेज और रिहायशी इलाकों के पास से गुजर रहे हैं. इससे धूल और ऐश का उत्सर्जन बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. आंदोलन की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो लोकतांत्रिक तरीके से ऐश वाहनों का परिचालन रोकने का कदम उठाया जाएगा.

सरयू राय ने DC से की कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से बोकारो उपायुक्त को टैग करते हुए इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐश परिवहन के लिए निर्धारित मार्ग होने के बावजूद ट्रांसपोर्टर नियमों की अनदेखी कर रिहायशी क्षेत्रों से ओवरलोड वाहनों का परिचालन कर रहे हैं. इससे पूरे इलाके में वायु प्रदूषण फैल रहा है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए ओवरलोड ऐश परिवहन पर रोक लगाने की अपील की है.

DVC प्रबंधन ने कार्रवाई का दिया भरोसा

वहीं डीवीसी बोकारो थर्मल के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने कहा कि ऐश पॉन्ड से पावर प्लांट रेलवे रेक यार्ड तक फ्लाई ऐश परिवहन के लिए जारंगडीह होकर मार्ग निर्धारित है. उन्होंने बताया कि संवेदक और कंपनी को भी इसी मार्ग का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि आवासीय कॉलोनी से दिन में फ्लाई ऐश परिवहन नहीं किया जाता है. अगर रात में इस तरह का परिचालन हो रहा है तो उसे भी पूरी तरह रोका जाएगा.  एचओपी ने यह भी कहा कि ओवरलोडिंग रोकने के लिए ऐश पॉन्ड कांटा घर के कर्मियों को निर्देश दिया गया है. बावजूद इसके अगर ओवरलोडिंग की शिकायत मिलती है तो उसे तत्काल बंद कराया जाएगा.

READ ALSO : झारखंड लॉ ऑफिसर (एंगेजमेंट) नियमावली, 2026 को हाई कोर्ट में चुनौती, एडवोकेट एसोसिएशन ने दायर की रिट याचिका

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *