Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी सीएसआर विभाग एवं अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को नावाडीह प्रखंड अंतर्गत ऊपरघाट के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पारसाबेड़ा में एक दिवसीय स्वास्थ्य एवं जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में मुख्य रूप से डायरिया एवं एनीमिया जैसी बीमारियों के प्रति ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया. इस दौरान आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में कुल 68 लाभार्थियों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की गई तथा उनके बीच आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया. शिविर में मौजूद चिकित्सा विशेषज्ञों ने डायरिया और एनीमिया के लक्षण, कारण तथा उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी. डॉक्टरों ने बताया कि मानसून के मौसम में खान-पान और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देकर डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों से बचा जा सकता है. वहीं, शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया से बचाव के लिए पौष्टिक आहार और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई. इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ प्रकाश नायक, हेल्थ निरीक्षक कृष्णा कुमार, मो कलीम अंसारी, गौतम मंडल एवं जीवाधन महतो मौजूद थे. कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक संदीप कुमार, सहायक शिक्षक जय प्रकाश साव तथा योगेंद्र नाथ नायक का सराहनीय योगदान रहा. शिविर के अंत में ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सीय परामर्श लेने की अपील की गई.

