Ranchi: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी. इस मौके पर राज्यभर से बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है. कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बेंगलुरु से रांची लौटने के बाद सोमवार को अपने पूरे परिवार के साथ नेमरा के लिए रवाना होंगे. यहां वे पुत्र के रूप में अपने पिता और झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. पुण्यतिथि समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण नेमरा में स्थापित 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण होगा. प्रतिमा के अनावरण के बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. आयोजकों ने श्रद्धांजलि सभा के लिए करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की है. कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धांजलि देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पहली पुण्यतिथि को लेकर नेमरा गांव में विशेष उत्साह का माहौल है.

यह भी पढ़ें: झारखंड के ITI-पॉलिटेक्निक छात्रों को मिलेगा AI का प्रशिक्षण, 11 हाईटेक लैब की मंजूरी
