Palamu: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनकी पत्नी रिया सिन्हा को पलामू जिला व्यवहार न्यायालय से एक दिन की पैरोल मंजूर कर दी गई है. अदालत के इस आदेश के बाद अब बुधवार को पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव मरहा पथरा में सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार किए जाने की पूरी संभावना है. न्यायालय से आदेश मिलने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन रिहाई से जुड़ी कागजी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा है. औपचारिकताएं पूरी होते ही रिया सिन्हा को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच उनके गांव ले जाया जाएगा, जहां वह अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होंगी. परिजनों को उम्मीद है कि प्रशासन की ओर से समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी.

मंगलवार को गांव पहुंचा शव, रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल
गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव मंगलवार को उनके पैतृक गांव मरहा पथरा लाया गया था. जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से भारी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे.

पत्नी और बेटे का इंतजार, टला मंगलवार का कार्यक्रम
स्वजनों ने जानकारी दी कि पत्नी रिया सिन्हा और पुत्र अक्षत कुमार की उपस्थिति अनिवार्य होने के कारण मंगलवार को होने वाला अंतिम संस्कार स्थगित कर दिया गया था. परिजनों ने शव को सुरक्षित रखा हुआ है ताकि सभी सदस्य अंतिम दर्शन कर सकें.

प्रशासन सतर्क, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात
मामले की संवेदनशीलता और गांव में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए पलामू जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र और मरहा पथरा गांव के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ इलाके में पैनी नजर रखी जा रही है ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जा सके.

