Ranchi: स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झारखंड में चल रहे परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा की. बैठक में राज्य और सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक की अध्यक्षता परिवार कल्याण प्रभाग की एडिशनल कमिश्नर डॉ. इंदू ग्रेवाल ने की. झारखंड की ओर से राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, राज्य समन्वयक सहित सभी जिलों के सिविल सर्जन, ACMO, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और परिवार नियोजन कार्यक्रम से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे. समीक्षा के दौरान परिवार नियोजन सेवाओं की उपलब्धता, सेवा की गुणवत्ता, तय लक्ष्यों की प्रगति, जन-जागरूकता अभियान और कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई.
पात्र दंपतियों तक परिवार नियोजन सेवाएं समय पर पहुंचाने का निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पात्र दंपतियों तक परिवार नियोजन सेवाएं समय पर पहुंचाई जाएं. साथ ही पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने, लोगों को अधिक जागरूक करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया गया. इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) झारखंड ने सभी जिलों को परिवार नियोजन कार्यक्रम की नियमित निगरानी करने और अधिक से अधिक पात्र दंपतियों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए. इसका उद्देश्य राज्य में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को और बेहतर बनाना है.

यह भी पढ़ें: LIC में शेयर बिक्री का बीमा कर्मचारियों ने किया विरोध, हजारीबाग में प्रदर्शन


