Hazaribagh: केंद्र सरकार द्वारा भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में अपनी हिस्सेदारी और कम करने के लिए घोषित शेयर बिक्री प्रस्ताव के विरोध में बुधवार को देशभर में बीमा कर्मचारियों ने भोजनावकाश के दौरान द्वार प्रदर्शन कर विरोध जताया. अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के आह्वान पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम के तहत हजारीबाग मंडल के सभी 37 कार्यालयों में भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार से यह निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की.
सरकार सार्वजनिक संपत्तियां बेचकर घाटा भरना चाहती है
बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल के मंडलीय महासचिव जगदीश चंद मित्तल ने कहा कि सरकार ने एलआईसी की चुकता इक्विटी पूंजी के 2.5 प्रतिशत शेयरों की आधार बिक्री के साथ अतिरिक्त 4 प्रतिशत तक की वैकल्पिक शेयर बिक्री का भी प्रावधान किया है. इससे कुल विनिवेश 6.5 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. उन्होंने इसे सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता का परिणाम बताते हुए कहा कि राजकोषीय घाटे की भरपाई के लिए सार्वजनिक संपत्तियों की बिक्री पर लगातार निर्भरता बढ़ रही है.

शेयर बेचकर जुटाए गए 21 हजार करोड़
मित्तल ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में सरकार सात सार्वजनिक उपक्रमों के शेयर बेचकर 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटा चुकी है. उनके अनुसार यह सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के क्रमिक निजीकरण की दिशा में बढ़ता कदम है, जो देशहित में नहीं माना जा सकता.

LIC करोड़ों लोगों के विश्वास का प्रतीक
उन्होंने कहा कि एलआईसी केवल लाभ कमाने वाली संस्था नहीं, बल्कि करोड़ों पॉलिसीधारकों की बचत और विश्वास से निर्मित राष्ट्रीय संस्था है. एलआईसी ने देश में घरेलू बचत को संगठित करने, राष्ट्र निर्माण के लिए वित्त उपलब्ध कराने तथा दूर-दराज़ क्षेत्रों तक जीवन बीमा सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. ऐसे में इसके सार्वजनिक स्वामित्व को कमजोर करना पॉलिसीधारकों, अर्थव्यवस्था और देश के दीर्घकालिक हितों के खिलाफ है.
शेयर बिक्री का प्रस्ताव वापस लेने की मांग
एआईआईईए ने सरकार से एलआईसी में प्रस्तावित शेयर बिक्री का निर्णय तत्काल वापस लेने तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निजीकरण की नीति समाप्त करने की मांग की. संगठन ने लोकतांत्रिक संगठनों, ट्रेड यूनियनों, पॉलिसीधारकों और आम नागरिकों से एलआईसी के सार्वजनिक स्वरूप की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान भी किया.
हजारीबाग में बड़ी संख्या में कर्मचारी हुए शामिल
द्वार प्रदर्शन की अध्यक्षता अख्तर हुसैन ने की. इस दौरान सुशील लकड़ा, दुर्गा सिंह, बसंत कुमार, अजय रविदास, प्रवीर राणा, राजेंद्र प्रसाद, सौरभ शंकर, रौनक भूषण, बिरसा मुंडा, दीनानाथ पांडे, कीर्ति, स्नेहा जीवंशी, पूनम सिंह, आशा मिंज, विजय साहू, रामविलास गोप, विवेक सहाय, विपिन सिन्हा, देवचंद मंडल, तेजन गोप, उमेश महतो सहित बड़ी संख्या में बीमा कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया.

