Giridih: जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया शुरू हो गई है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता कर प्रारूप मतदाता सूची और ASDDF सूची के प्रकाशन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से जिले के सभी 2,586 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है.
4 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार कराने या किसी भी आपत्ति के लिए 4 सितंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकता है. उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपने मतदान केंद्र पर जाकर सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांचने की अपील की. यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी तरह की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है.

ASDDF सूची में शामिल नाम प्रारूप सूची में नहीं होंगे शामिल
डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार जिले में गणना चरण का कार्य पूरा कर लिया गया है. प्राप्त गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर ASDDF सूची तैयार की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ASDDF सूची में शामिल मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं. इस सूची में मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, पहले से पंजीकृत, अनुपस्थित और अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं.

युवाओं को मिलेगा मतदाता बनने का मौका
उपायुक्त ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं. इसके लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है. आवेदन की सुविधा बीएलओ, ECINET मोबाइल ऐप और Voters Portal के माध्यम से भी उपलब्ध है.
विशेष शिविर और घर-घर सत्यापन अभियान
SIR-2026 को लेकर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. 8-9 अगस्त और 22-23 अगस्त को मतदान केंद्रों पर कैंप लगाया जाएगा. वहीं 15 अगस्त को पंचायत भवनों में ग्राम सभाएं आयोजित होंगी. इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक Home-to-Roll Verification अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा.
7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि दावा और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी. इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी. किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं.
ALSO READ: हजारीबाग: न OTP आया, न कोई कॉल… फिर भी साफ हो गए 45 हजार रुपये, IPPB खाताधारक को साइबर ठगों का झटका

