Ranchi: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के शुरू होने से ठीक पहले बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में सत्र के दौरान जनहित और छात्रों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने पर विस्तार से रणनीति तैयार की गई. बैठक के समापन के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी मानसून सत्र की शुरुआत को लेकर दल के सभी सदस्यों के साथ गहन चर्चा हुई है. सत्र के भीतर जनता की आवाज और विभिन्न मुद्दों को किस तरह से मजबूती से रखा जाए, इस पर सभी नेताओं ने अपने विचार साझा किए.
छात्रों के मुद्दों पर विशेष ध्यान और 14वीं JPSC रद्द करने की मांग
विधायक दल के नेता ने बताया कि बैठक में छात्रों से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रमुखता से बातचीत हुई. उन्होंने कहा कि ऊगठबंधन विधायक दल की आगामी बैठक में भी इन विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा ताकि सरकार के स्तर पर छात्रों के हित में बेहतर से बेहतर कदम उठाए जा सकें. प्रदीप यादव के अनुसार, विधायक दल मुख्यमंत्री के समक्ष छात्रों की प्रमुख मांगों को रखेगा.इसमें मुख्य रूप से 14वीं जेपीएससी परीक्षा को रद्द करने की मांग शामिल है. इसके अलावा, जेएसएससी परीक्षा से संबंधित गड़बड़ियों और जांच की स्थिति को लेकर भी छात्रों की चिंताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा. सरकार से यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि जेएसएससी मामले में चल रही जांच की प्रगति कहां तक पहुंची है और क्या वह संतोषजनक है.

छात्रों का प्रतिनिधिमंडल करेगा मुख्यमंत्री से मुलाकात
प्रदीप यादव ने जानकारी दी कि छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचेगा. सरकार और विधायक दल सभी पक्षों की बातें ध्यानपूर्वक सुनने के बाद ही किसी अंतिम निर्णय पर पहुंचेंगे.उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी और गठबंधन सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी परिस्थिति में छात्रों का अहित न हो और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए पारदर्शी कदम उठाए जाएं.


