Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को राज्य परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) को प्रतिपूर्ति करने हेतु 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोक कल्याण संकल्प पत्र में इस सुविधा का वादा किया था. इस निर्णय से राज्य की लाखों वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और वे धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए बिना किराए की चिंता के यात्रा कर सकेंगी.

महिला कल्याण योजनाओं के लिए अतिरिक्त 1,094.40 करोड़ रुपये
इसके अलावा, सरकार ने महिला कल्याण विभाग के लिए 1,094.40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी आवंटित की है. इस राशि का उपयोग निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को और मजबूत बनाने में किया जाएगा.


