Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 13 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच गुरुवार को डुमरी विधायक जयराम महतो आंदोलन स्थल के दूसरे टेंट में पहुंचे. यहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की और उनकी बातों को गंभीरता से सुना.छात्रों से बातचीत के दौरान जयराम महतो भावुक भी नजर आए. उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि छात्रों के हित में जो भी बात होगी, उसका वह हमेशा समर्थन करेंगे.

समाधान निकलता है, तो यह आंदोलन के लिए होगी सकारात्मक पहल
इस दौरान उन्होंने सरकार से वार्ता के लिए गए छात्र प्रतिनिधिमंडल का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि यदि बातचीत के माध्यम से छात्रों की जायज मांगों का समाधान निकलता है, तो यह आंदोलन के लिए सकारात्मक पहल होगी. छात्र हित सर्वोपरि है और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए.गौरतलब है कि JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार 13वें दिन भी जारी है. छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और सरकार के साथ वार्ता की प्रक्रिया पर सभी की नजर बनी हुई है.



