Ranchi: जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय ने अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर सफाई दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें वायरल संक्रमण और लगातार कार्यक्रमों की वजह से हुई थकान के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. अब उनकी तबीयत पहले से काफी बेहतर है.

सरयू राय ने बताया कि 1 और 2 अगस्त को जमशेदपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद 3 अगस्त को भी उन्होंने कांवरिया सेवा शिविर समेत अन्य आयोजनों में हिस्सा लिया. इसके बाद 4 अगस्त को विधानसभा समिति की बैठक में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे, जहां उन्हें ज्यादा थकान महसूस हुई. उन्होंने डॉक्टरों से जांच कराई, जिसके बाद उनकी सलाह पर उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. दो दिनों तक इलाज और जरूरी जांच के बाद अब उनकी हालत में काफी सुधार है.

समर्थकों से अस्पताल नहीं आने की अपील
डॉक्टरों ने बताया है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो उन्हें अगले दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है. सरयू राय ने कहा कि अब वे खुद को स्वस्थ महसूस कर रहे हैं और जल्द ही अपनी सामान्य दिनचर्या में लौटेंगे.

उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील की है कि वे फिलहाल अस्पताल में उनसे मिलने न आएं, ताकि उन्हें आराम मिल सके और वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकें.
ALSO READ: कोडरमा: शादी की झांसा देकर नाबालिक लड़की को भागा कर ले जा रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर की धुनाई

