Bermo: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के सिद्धो-कान्हू भवन में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में मृत DVC O&M के सप्लाई मजदूर स्व. मो. रियाज के परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ प्रबंधन की वार्ता हुई. बैठक की अध्यक्षता DVC के जीएम HR ए.ए. कुजूर ने की.

मृतक के परिजनों ने रखीं दो प्रमुख मांगें
वार्ता के दौरान मृतक मो. रियाज के आश्रित परिजनों ने मुख्य रूप से दो मांगें रखीं. पहली मांग डीवीसी के प्रचलित नियमों और प्रावधानों के तहत मृतक के आश्रितों को मिलने वाली सुविधाओं और लाभ उपलब्ध कराने की थी. इस पर चर्चा के बाद DVC BTPS प्रबंधन ने सहमति जताई कि परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर डीवीसी नियमों के अनुसार आवश्यक और त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

रोजगार की मांग मुख्यालय को भेजी जाएगी
परिजनों की दूसरी मांग परिवार के एक सदस्य को AMC-ARC के तहत रोजगार उपलब्ध कराने की थी. इस पर प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यह मामला BTPS स्तर पर निर्णय लेने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है. प्रबंधन ने बताया कि रोजगार से जुड़ी मांग को आवश्यक विचार-विमर्श और निर्णय के लिए DVC मुख्यालय (HR) को भेजा जाएगा.

वार्ता के बाद परिजनों ने जताई सहमति
बैठक के अंत में मृतक के परिजनों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रबंधन द्वारा लिए गए निर्णयों पर सहमति जताई. इस दौरान वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) पार्थ सारथी मुखर्जी, कार्यपालक प्रशिक्षु अंकित राज, मुखिया विकास सिंह, चंद्रदेव घांसी, पूर्व सरपंच सुजायत हुसैन, जिला परिषद प्रतिनिधि मंजूर आलम, मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, पंचायत समिति सदस्य अख्तर अंसारी सहित कई अन्य प्रतिनिधि और परिजन मौजूद रहे.
ALSO READ: विश्व आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर DC ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

