Jamtara: भगवान बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की पावन यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पूर्व रेलवे ने श्रावणी मेला-2026 के दौरान व्यापक इंतजाम किए हैं. भारी भीड़ को देखते हुए विशेष श्रद्धालु ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त ठहराव, अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस ऐप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

चार प्रमुख स्टेशनों पर लाखों श्रद्धालुओं का आगमन
जसीडीह, देवघर, बासुकीनाथ और बैद्यनाथधाम स्टेशनों पर लाखों श्रद्धालुओं ने यात्रा की. 2 अगस्त से 5 अगस्त तक चार दिनों में कुल 3.75 लाख से अधिक श्रद्धालु इन स्टेशनों से पहुंचे. जसीडीह स्टेशन लगातार मुख्य प्रवेश द्वार बना रहा, जहां करीब 58 से 61 प्रतिशत श्रद्धालुओं की आवाजाही दर्ज की गई.

सातवें दिन चलीं 38 विशेष ट्रेनें
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आसनसोल मंडल ने सातवें दिन कुल 38 विशेष ट्रेनों का संचालन किया. इनमें 16 लंबी दूरी और 22 छोटी दूरी की ट्रेनें शामिल थीं. टिकट बिक्री से रेलवे को 33.09 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ.

ALSO READ:राहुल गांधी ने JPSC-JSSC आंदोलन को दिया समर्थन, बोले- छात्रों की आवाज़ सुननी होगी
सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष जोर
स्टेशन परिसरों में CCTV कैमरों से निगरानी, आरपीएफ की तैनाती, स्वच्छता व्यवस्था और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की गई। यात्रियों की सहायता के लिए “मे आई हेल्प यू” केंद्र भी लगातार सक्रिय रहे. सातवें दिन प्राथमिक उपचार केंद्रों में 503 श्रद्धालुओं को चिकित्सा सहायता दी गई, जबकि 12 यात्रियों को व्हीलचेयर सुविधा उपलब्ध कराई गई. पूर्व रेलवे की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रही.

