Jamtara: समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति, विभागीय योजनाओं की प्रगति और लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई.

एक माह में सेविका-सहायिका चयन पूरा करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने जिले में रिक्त पड़े आंगनवाड़ी सेविका के 23 और सहायिका के 40 पदों पर एक माह के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए और इसकी रिपोर्ट भी समय पर उपलब्ध कराई जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई.उपायुक्त ने महिला पर्यवेक्षिका, सीडीपीओ और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को चयन प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

खराब प्रदर्शन पर अधिकारियों को फटकार
समीक्षा के दौरान कम्युनिटी बेस्ड इवेंट, होम विजिट, समय पर आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन, आभा वेरिफिकेशन, अपार आईडी जेनरेशन, आंगनवाड़ी ऑपरेशन एफिशिएंसी और एचसीएम जैसे कई सूचकांकों में खराब प्रदर्शन सामने आया. इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार लाने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

PM मातृ वंदना योजना में शत-प्रतिशत लाभुकों को जोड़ने का लक्ष्य
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी पोषक क्षेत्र में योग्य लाभुक योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. यदि लापरवाही के कारण कोई पात्र लाभुक लाभ से वंचित रहता है तो संबंधित सीडीपीओ और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी.
आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाएं सुधारने पर जोर
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन, पेयजल, शौचालय और बिजली कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी केंद्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. वहीं को-लोकेशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर बीआरसी से समन्वय स्थापित कर चिह्नित विद्यालयों में आंगनबाड़ी केंद्रों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा.
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश
बैठक में टीएचआर वितरण, एसएएम एनरॉलमेंट, आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन, आभा कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वीएचएसएनडी सहित कई अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, प्रभारी सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग कयूम अंसारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ: राहुल गांधी ने JPSC-JSSC आंदोलन को दिया समर्थन, बोले- छात्रों की आवाज़ सुननी होगी

