Ranchi: झारखंड में JPSC के माध्यम से 1,645 और JSSC के माध्यम से 21,965 पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएंगी. इसकी जानकारी गुरुवार को झारखंड विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा पेश की गई एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) में दी गई. रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार की घोषणाओं पर विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई के आधार पर प्रस्तुत की गई है.
कार्मिक विभाग के मुताबिक, वर्ष 2020 से अब तक झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से कुल 3,377 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं. वहीं, 798 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है, जबकि 847 पदों के लिए विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है. इस प्रकार कुल 1,645 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है.

नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की तैयारी
इसी तरह, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से वर्ष 2019 से अब तक 39,687 पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं. इसके अलावा 20,206 पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए जा चुके हैं, जबकि 1,759 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की तैयारी चल रही है. यानी जेएसएससी के माध्यम से कुल 21,965 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.


