बाहरी ताकतों और मीडिया को दिखाया आईना, गांधीवादी तरीके से परीक्षा रद्द करने की मांग
Ranchi: राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में शुक्रवार को JPSC और JSSC परीक्षाओं में हुई कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. हालांकि इस बीच सुबह से रांची जिला प्रशासन के अधिकारी और रांची पुलिस मुस्तैद रही है. मुस्तैद सभी अधिकारी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए थे. आज सुबह से ही स्टेडियम में राज्यभर से आए हजारों परीक्षार्थियों का जुटना शुरू हो गया था. देखते ही देखते पूरा परिसर छावनी और आंदोलन का केंद्र बन गया. भारी भीड़ के बावजूद छात्रों ने संयम का परिचय दिया और साफ किया कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक और शांतिपूर्ण है.

दिल्ली मीडिया और बाहरी एक्टिविस्टों को दी नसीहत
आंदोलन के दौरान उस वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब कुछ बाहरी संगठनों और दिल्ली की मीडिया ने मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की. प्रदर्शनकारी छात्रों ने दिल्ली से आए मीडियाकर्मियों और कथित एक्टिविस्टों को कड़ा आईना दिखाया. छात्रों ने आइशा (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा का जमकर विरोध किया और उन्हें मंच से दूर रहने को कहा. छात्रों का सीधा आरोप था कि बाहरी लोग स्थानीय छात्रों के मूल मुद्दों को भटकाकर अपनी टीआरपी चमकाने और राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे झारखंड के छात्र कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे.

छात्रों का सख्त संदेश: ‘मुद्दा हमारा है, हम तय करेंगे’
मंच का संचालन कर रहे छात्रों ने आंदोलन में शामिल होने आए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को सख्त लहजे में हिदायत दी. छात्रों ने कहा, यह लड़ाई हमारे भविष्य की है, यह मुद्दा हमारा है. हम किसी को भी अपने मंच का इस्तेमाल राजनीति के लिए नहीं करने देंगे. आंदोलनकारियों ने हुंकार भरी कि वे किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ हैं और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी इस लड़ाई को जीतेंगे.
प्रशासन मुस्तैद, संदिग्धों से पूछताछ
स्टेडियम में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए रांची जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी सुबह से ही मोर्चा संभाले रहे. लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए अधिकारी और पुलिस बल समय-समय पर छात्रों के बीच जाकर शांति बनाए रखने की अपील करते दिखे. इस बीच, रांची पुलिस के डीएसपी रैंक के अधिकारियों ने सुरक्षा कमान संभाली और भीड़ में छिपे संदिग्ध उपद्रवियों से पूछताछ की. हालांकि इस पूछताछ के दौरान पुलिस को कोई संदिग्ध गतिविधियां की जानकारी नहीं मिली.
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप और परीक्षा रद्द करने की गुहार
फिलहाल, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से डटे हुए हैं. छात्रों की एक ही स्पष्ट मांग है कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है, इसलिए मुख्यमंत्री तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप करें. छात्रों ने सरकार से इन विवादित परीक्षाओं को अविलंब रद्द करने और पारदर्शी तरीके से नए सिरे से परीक्षा आयोजित करने की मांग की है.
ALSO READ : JPSC आंदोलन: छात्रों से मिले रांची SDO, सरकार के साथ वार्ता की उम्मीद बढ़ी

