Ranchi: राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के मौके पर शुक्रवार को इरबा स्थित द छोटानागपुर हैंडलूम एंड खादी वीवर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बुनकरों की समस्याओं, रोजगार के अवसर और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की गई.
बुनकरों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग
कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनियन के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंजूर अहमद अंसारी ने की. उन्होंने कहा कि हस्तकरघा से जुड़े हजारों परिवार अपनी आजीविका के लिए इसी क्षेत्र पर निर्भर हैं. उन्होंने कहा कि बुनकरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार को ठोस योजनाएं बनानी चाहिए, ताकि उन्हें रोजगार के साथ-साथ अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार भी मिल सके.

सरकारी संस्थानों में हस्तकरघा उत्पादों की खरीद की मांग
मंजूर अहमद अंसारी ने सरकार से मांग की कि सरकारी अस्पतालों, कार्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों में हस्तकरघा से बने कपड़ों और सामानों की खरीद को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि इससे बुनकरों को नियमित काम मिलेगा और उनके उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध हो सकेगा.

हस्तकरघा देश की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा
उन्होंने कहा कि हस्तकरघा केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ा हुआ है. इसे संरक्षित करने और आगे बढ़ाने के लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा.

कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में यूनियन के अध्यक्ष शरीफ अंसारी, पूर्व अध्यक्ष अनवार अहमद अंसारी, फिरोज अंसारी, नसीम अहमद, परवेज आलम, इरफान अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे.

