Sraikela: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत सरायकेला-खरसावां जिले में 05 अगस्त से नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु विशेष मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है.
नाम दर्ज कराने की अपील
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में राजनगर प्रखंड स्तर पर नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसके अतिरिक्त सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया,आवश्यक दस्तावेज, निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता की भूमिका, लोकतंत्र के सशक्त निर्माण में प्रत्येक मतदाता के महत्व तथा मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया. साथ ही 18 वर्ष अथवा निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई.


