Jamshedpur: CBSE बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा में प्रभावी पैरेंटिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया. इसका उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के लिए तनावमुक्त और सकारात्मक माहौल बनाने के प्रति जागरूक करना था.
बच्चों पर दबाव न बनाने की सलाह
मुख्य वक्ता और मोटिवेशनल स्पीकर राजेन्द्र देव ने कहा कि 12 से 16 वर्ष की आयु बच्चों के लिए बेहद संवेदनशील होती है. इस दौरान उन पर पढ़ाई का अनावश्यक दबाव डालने या दूसरों से तुलना करने से तनाव और अवसाद जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का उत्साह बढ़ाने, उनकी खूबियों की सराहना करने और भावनात्मक सहयोग देने की अपील की.

मानसिक स्वास्थ्य भी है महत्वपूर्ण
विद्यालय के निदेशक (अकादमिक) डॉ. अशोक सिंह ने कहा कि बोर्ड परीक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और खुशहाली उससे भी अधिक जरूरी है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और हर परिस्थिति में उनका सहयोग करने का आग्रह किया.

ALSO READ: झारखंड: शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे सरकारी ऑफिस, गृह विभाग ने जारी किया आदेश
बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावक
कार्यशाला में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और इसे उपयोगी बताया। अंत में उप-प्राचार्या अर्चना बोस ने धन्यवाद ज्ञापन दिया. इस अवसर पर निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, सचिव प्रभास कुमार, प्राचार्या डॉ. सुभाश्री सरकार और प्रशासक सचिन कुमार भी उपस्थित रहे. विद्यालय ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई.

