Bokaro: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में बोकारो जिले ने एक बार फिर अपनी बेहतर कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन और निर्धारित महत्वपूर्ण मानदंडों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए बोकारो को झारखंड में दूसरा स्थान मिला है. जिले की इस उपलब्धि के लिए ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की ओर से वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने के बाद जिला प्रशासन में भी खुशी का माहौल है.

यह सम्मान बोकारो जिले के लिए गौरव की बात- उपायुक्त
उपायुक्त अजय नाथ झा ने इस उपलब्धि के लिए उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज कुमार दुबे समेत पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान बोकारो जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आगे भी इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ काम जारी रखने की अपील की. बता दें बोकारो को लगातार दूसरे वर्ष मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है.

यह भी पढ़ें: देवघर: जमीन विवाद में वृद्ध की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या


