पाकुड़: ईद, रामनवमी, गुड फ्राइडे और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक बाजार समिति प्रांगण स्थित हॉल में आयोजित की गई. बैठक में प्रशासन की ओर से कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए.

ईद को लेकर विशेष निर्देश, नमाज तय स्थानों पर ही
ईद को लेकर विशेष निर्देश देते हुए प्रशासन ने कहा कि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की जाए और केवल निर्धारित ईदगाह व मस्जिदों में ही की जाए. नमाज के दौरान पुलिस की तैनाती सुनिश्चित रहेगी. साफ-सफाई, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं.
जुलूस और डीजे पर सख्त नियम, रूट चार्ट का पालन जरूरी
सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय और रूट चार्ट का पालन करने का निर्देश दिया गया है. बिना अनुमति जुलूस निकालने पर रोक रहेगी. डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर नियंत्रण रखने तथा भड़काऊ गाने या भाषण से परहेज करने को कहा गया है. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
Also Read: पाकुड़ पुलिस को मिले 11 नए पेट्रोलिंग वाहन, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, पर्याप्त बल तैनात
इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और दंडाधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने आम लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.
शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: DC
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें. शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
कानून-व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस अलर्ट: SP
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्ती की जाएगी और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में एसडीओ साइमन मरांडी, एसी जेम्स सुरीन, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार सहित सभी थाना प्रभारी, बीडीओ, सीओ, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. मंच संचालन एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार ने किया.

