Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

लोहरदगा: भारी वाहन से मौत पर चालक का लाइसेंस होगा रद्द, वाहन भी होगा जब्त

Lohardaga: लोहरदगा में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त संदीप कुमार...

Lohardaga

Lohardaga: लोहरदगा में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा की गई और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

भारी वाहन से मौत पर चालक और वाहन पर कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है तो नियमानुसार संबंधित चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रद्द किया जाए और संबंधित वाहन को भी जब्त किया जाए. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

हेलमेट और ड्रंक एंड ड्राइव की होगी सख्त जांच

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित हेलमेट जांच, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया. पुलिस विभाग को भी लगातार वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.

खनन क्षेत्र के ट्रकों पर भी सख्ती

बैठक में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि खनन क्षेत्र में संचालित सभी ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाए. बॉक्साइट का परिवहन अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंककर किया जाए और प्रत्येक ट्रक पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया जाए. साथ ही सभी चालकों के पास भारी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना सुनिश्चित करने को कहा गया.

क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी जांच

खनन क्षेत्र से गुजरने वाले ट्रकों के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति को शीघ्र जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

स्कूलों के आसपास रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश

विद्यालयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने रंबल स्ट्रिप की आवश्यकता वाले विद्यालयों को चिन्हित करने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को भी आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए. बैठक में रोड सेफ्टी मैनेजर ने जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट की जानकारी भी साझा की.

हिट एंड रन मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं एनएचआई के अंतर्गत कुडू-चंदवा मार्ग पर सड़क किनारे झुकी पेड़ों की डालियों की कटाई कर हटाने को कहा गया, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके.

अपर बाजार और ईस्ट गोला रोड पर पार्किंग व्यवस्था होगी बेहतर

नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को अपर बाजार एवं ईस्ट गोला रोड में पार्किंग और नो-पार्किंग के स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया. इससे अनियंत्रित पार्किंग की समस्या कम करने और बाजार क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने पर जोर दिया गया.

अवैध शराब के खिलाफ भी चलेगा अभियान

बैठक में उत्पाद अधीक्षक को जिले में अवैध देशी शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन, जनजागरूकता, बेहतर यातायात प्रबंधन और सड़क संरचना में सुधार जैसे सभी पहलुओं पर समन्वित रूप से काम करना जरूरी है.

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी, समिति के सदस्य, हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि तथा सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे.

ALSO READ: जामताड़ा: सरकारी नाले से हटाया अतिक्रमण, बुलडोजर लेकर पहुंची नगर पंचायत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *