Jamtara: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. शनिवार को जामताड़ा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जेपीएससी में घोटाले की शुरुआत भाजपा शासनकाल में हुई थी.भाजपा ने जो गड्ढा खोदा है, उसे भरने में समय लगेगा.

बाबूलाल मरांडी पर साधा निशाना
डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज जेपीएससी घोटाले को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें नैतिकता के आधार पर आत्ममंथन करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी में अनियमितताओं की शुरुआत उनके कार्यकाल से ही हुई थी.

सभी जेपीएससी परीक्षाओं की जांच की मांग
मंत्री ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से मांग करेंगे कि केवल 14वीं जेपीएससी परीक्षा की ही जांच न हो, बल्कि वर्ष 2000 से 2026 तक आयोजित सभी जेपीएससी परीक्षाओं की सीआईडी जांच कराई जाए. उन्होंने कहा कि व्यापक जांच से सच्चाई सामने आएगी और दूध का दूध तथा पानी का पानी हो जाएगा.

छात्र आंदोलन को लेकर सरकार गंभीर
छात्र आंदोलन के संबंध में डॉ. अंसारी ने कहा कि आंदोलन के दौरान राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सरकार की ओर से तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई गई. एंबुलेंस भेजकर चिकित्सकों की टीम के माध्यम से उनका इलाज कराया गया. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और छात्रों के साथ पूरी तरह खड़ी है.
छात्रों के हित में सकारात्मक कदम का भरोसा
मंत्री ने कहा कि छात्रों की मांगों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है. कुछ बिंदुओं पर छात्रों को भी सरकार का पक्ष समझना होगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार छात्रों के हित में सकारात्मक कदम उठाएगी और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास जारी रहेगा.
आंदोलन का राजनीतिकरण न करने की अपील
डॉ. अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह छात्रों का आंदोलन है और सरकार लगातार छात्रों से बातचीत कर रही है. ऐसे में आंदोलन का राजनीतिकरण करना उचित नहीं है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी नेता के बहकावे में न आएं और सरकार पर भरोसा रखें.
JPSC मामले में कार्रवाई जारी
उन्होंने कहा कि जेपीएससी मामले में कार्रवाई जारी है और कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं. सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच करा रही है तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
जैन समुदाय को दी बधाई
मंत्री ने इस दौरान जैन समुदाय को भी बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने एकजुटता की मिसाल पेश की है और देश को बताया है कि जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर एकजुट कैसे हुआ जा सकता है. मौके पर कांग्रेस नेता इरशाद उल हक अर्शी, विनोद छतरिय, ब्लू चक्रवर्ती समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

