Chaibasa: शहर के पिल्लई टाउन हॉल में शनिवार को 26वीं झारखंड राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया. दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से सैकड़ों प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं.

योग आज की विशेष आवश्यकता : नितिन प्रकाश
मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग तनाव से ग्रसित हो रहे हैं और योग उसका प्रभावी समाधान है. उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को भी संतुलित करता है. उन्होंने चाईबासा में ऐसे आयोजनों की निरंतरता को शहर की विशेषता बताया.

राज्य स्तरीय आयोजन से बच्चों को मिलते हैं अवसर
विशिष्ट अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का चाईबासा में आयोजन होना सुखद संकेत है. इससे बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है. उन्होंने योग के वैश्विक महत्व का उल्लेख करते हुए आयोजकों और प्रायोजक रूंगटा स्टील का आभार व्यक्त किया तथा प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं.

आयोजन की जानकारी और स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत जिला योग संगठन के सचिव दीपक प्रसाद ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत कर की. जिला योग एंड स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष मुकुंद रूंगटा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एस.आर. रूंगटा समूह सामाजिक विकास के कार्यों में सदैव अग्रणी रहा है और यह आयोजन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सहायक बनेगा.

राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति
राष्ट्रीय योग फेडरेशन के पूर्व सचिव संजय झा ने भी सभा को संबोधित किया. मंच संचालन विकास दोदराजका ने किया.
दिनभर चला योगासन प्रदर्शन
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागी दिनभर योगासन का प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रतिभागियों के आवास और भोजन की व्यवस्था रूंगटा मैरिज हाउस और राजस्थान भवन में की गई है. आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में लगातार सक्रिय रहे.
सभी जिलों से पहुंचे प्रतिभागी
झारखंड प्रदेश योग संगठन के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा कि राज्य के लगभग सभी हिस्सों से प्रतिभागी अपने अभिभावकों और प्रशिक्षकों के साथ पहुंचे हैं. उन्होंने बताया कि अनुभवी निर्णायक मंडल के सदस्य भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए हैं. उन्होंने आयोजन के सफल संचालन में रूंगटा स्टील के सहयोग की सराहना की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, प्रशिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: विश्व आदिवासी दिवस पर लोहरदगा में होगा भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन, विधानसभा अध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि

