Ranchi: आदिवासी महोत्सव-2026 के आयोजन से पहले रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया. आज जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया.

महोत्सव 9 और 10 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, स्टॉल, प्रवेश और निकास द्वार, मंच, दर्शकों के बैठने की जगह और आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्था देखी.


सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने अधिकारियों को महोत्सव के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया. इसके अलावा स्टॉल की सुरक्षा, बिजली व्यवस्था की जांच और आपातकालीन निकास रास्तों को पूरी तरह खाली रखने को कहा गया.

वरीय पुलिस अधीक्षक ने CCTV से निगरानी बढ़ाने और प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग करने का निर्देश दिया. संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा गया है.
ट्रैफिक व्यवस्था भी रहेगी दुरुस्त
महोत्सव के दौरान मोरहाबादी मैदान और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा.
अधिकारियों ने प्राथमिक चिकित्सा, अग्नि सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था को भी बेहतर रखने के निर्देश दिए. बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को तैयार रहने को कहा है.
झारखंड की संस्कृति की दिखेगी झलक
आदिवासी महोत्सव में झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखने का मौका मिलेगा. यहां लोक कला, पारंपरिक नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा.

