Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम छात्रों का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है. इस बीच झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रदर्शनकारी छात्रों से शांति बनाए रखने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व राज्य सरकार पर भरोसा जताने की अपील की है.
छात्रहित सर्वोपरि, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता ज़रूरी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य में चल रहे आंदोलन पर संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि छात्रहित सर्वोपरि है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा युवाओं का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है. राज्यपाल ने कहा कि आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिस पर किसी भी प्रकार का प्रश्नचिह्न या संदेह न खड़ा हो. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं, इसलिए अभ्यर्थियों को अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखनी चाहिए और सरकार की मंशा पर विश्वास करना चाहिए.
