Ranchi: रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) में चुनाव कराने की मांग अब तेज हो गई है. संघ से जुड़े 33 क्रिकेट क्लबों के पदाधिकारियों ने रविवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव से मुलाकात की और RDCA में लंबे समय से लंबित चुनाव को पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से कराने की मांग की. क्लब प्रतिनिधियों ने JSCA अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने और RDCA की चुनावी प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आग्रह किया.
करीब 20 साल से बैलेट चुनाव नहीं
क्लब प्रतिनिधियों का कहना है कि RDCA में करीब दो दशक से बैलेट के जरिए चुनाव नहीं हुए हैं. लंबे समय से पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति के आधार पर होता रहा है. अब 33 क्लबों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नियमित चुनाव कराने की मांग उठाई है. प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराने की मांग जायज है. हालांकि उन्होंने क्लब प्रतिनिधियों को सलाह दी कि वे अपनी मांग और आपत्तियों से RDCA अध्यक्ष अविनाश कुमार को भी औपचारिक रूप से अवगत कराएं.
सौरभ तिवारी से भी मिले क्लब प्रतिनिधि
क्लब प्रतिनिधियों ने JSCA सचिव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी से भी मुलाकात की. उन्होंने RDCA में जल्द चुनाव कराने में सहयोग की मांग की. सौरभ तिवारी ने प्रतिनिधियों को भरोसा दिया कि वे उनकी चिंताओं को RDCA पदाधिकारियों के सामने रखेंगे और उचित समाधान निकालने की कोशिश करेंगे.
