Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा विवाद को लेकर सोमवार को अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन उग्र नजर आया. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने झारखंड विधानसभा का घेराव किया. दिनभर चले इस प्रदर्शन और हंगामे के बाद भी देर शाम तक कई अभ्यर्थी विधानसभा परिसर में ही जमे रहे. हालांकि, बाद में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों को समझा-बुझाकर शांतिपूर्ण तरीके से वापस भेज दिया.
दिनभर चला जोरदार प्रदर्शन
जेपीएससी परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी और धांधली का आरोप लगाते हुए विभिन्न छात्र संगठनों और अभ्यर्थियों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का आह्वान किया था. राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे सैकड़ों छात्र सुबह से ही विधानसभा के समीप एकत्र होने लगे थे. प्रदर्शनकारी छात्र जेएसएससी परीक्षा परिणाम को रद्द करने, निष्पक्ष जांच कराने और नए सिरे से पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे. परिसर में जमे रहे अभ्यर्थी दिनभर चले घेराव और प्रदर्शन के बाद जब अधिकांश लोग हटने लगे, तब भी कुछ अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े रहकर विधानसभा परिसर के आसपास के क्षेत्र में ही डटे रहे. छात्रों का कहना था कि जब तक शासन या आयोग के किसी जिम्मेदार प्रतिनिधि की ओर से उन्हें ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता, वे वहां से नहीं हटेंगे.

यह भी पढ़ें: झारखंड शराब घोटाला: पूर्व उत्पाद आयुक्त से पूछताछ, कई और अधिकारियों को जारी किया समन
पुलिस और प्रशासन की पहल
देर शाम स्थिति को देखते हुए परिसर और आसपास तैनात पुलिस अधिकारियों व प्रशासनिक टीम ने मोर्चा संभाला. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच जाकर उनसे बातचीत की. पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समझाया कि देर रात सुरक्षा कारणों और निर्धारित नियमों के तहत इस तरह वहां बने रहना उचित नहीं है. उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के आश्वासन और काफी समझाने-बुझाने के बाद सभी छात्र शाम ढलने पर शांतिपूर्वक वापस लौटने के लिए सहमत हो गए.

