Ranchi: झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने गहरी चिंता व्यक्त की है. एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव सह कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर छात्रों की जायज मांगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उपद्रवियों द्वारा पुलिसकर्मियों पर किए गए हमले की सख्त लहजे में निंदा की है.
छात्रों की मांगें जायज, लेकिन हिंसा बर्दाश्त नहीं
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि वे छात्रों के मुद्दों और उनकी जायज मांगों को गंभीरता से लेते हैं. हालांकि, आंदोलन की आड़ में हुई हिंसा चिंताजनक है. बयान में कहा गया कि प्रदर्शन के दौरान जिस प्रकार ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को निशाना बनाकर घायल किया गया, वह अत्यंत गंभीर विषय है. एसोसिएशन ने घायल जवानों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है.
असामाजिक तत्वों की साजिश से बचें छात्र
राकेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन छात्रों के भेष में हिंसा फैलाने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों का किसी भी सूरत में समर्थन नहीं करता. उन्होंने वास्तविक और गंभीर छात्रों से अपील करते हुए कहा संवाद ही हर समस्या का एकमात्र समाधान है. छात्र किसी असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं और न ही अपने कंधे का इस्तेमाल उपद्रवियों के एजेंडे के लिए होने दें. किसी भी विवाद का उचित हल केवल बातचीत के जरिए ही संभव है.
वार्ता की मेज पर आने का न्योता
एसोसिएशन ने छात्रों से आग्रह किया है कि वे अपने एक अधिकृत और भरोसेमंद प्रतिनिधिमंडल का गठन करें और शांतिपूर्ण तरीके से वार्ता की मेज पर आएं. सार्थक और शांतिपूर्ण चर्चा के जरिए ही इस विवाद को यथाशीघ्र समाप्त किया जा सकता है.
पुलिसकर्मियों के धैर्य और सहनशीलता की सराहना
आंदोलन के दौरान विकट परिस्थितियों में भी संयम बनाए रखने के लिए एसोसिएशन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की खुलकर सराहना की. राकेश कुमार पाण्डेय ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्वितीय सहनशीलता और धैर्य का परिचय देने के लिए एसोसिएशन की ओर से सभी पुलिसकर्मियों का आभार प्रकट किया.
यह भी पढ़ें: वकीलों का आग्रह- बंद के कारण कोर्ट नहीं पहुंच पाएंगे कई वकील, विपरीत आदेश न पारित करे कोर्ट
