News Wave Desk: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कुर्ला में एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. बुधवार तड़के कुर्ला के चिराग नगर इलाके के गौसिया चॉल, राठौड़ मेडिकल के पास भूस्खलन होने से कई घर मलबे की चपेट में आ गए. मलबे में 5 से 6 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं, अब तक 2 लोगों के शव बरामद किए गए हैं. प्रशासन ने इलाके में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है.
लोगों को मलबे से निकालने का काम तेज
दरअसल, मुंबई में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा इस चॉल पर गिर गया. बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुताबिक, सुबह करीब 3 बजकर 48 मिनट पर भूस्खलन की जानकारी मिली. इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस, BMC फायर ब्रिगेड, बिजली वितरण कंपनी और BMC वार्ड की टीमें घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. मलबा हटाने का कम तेजी से किया जा रहा है. साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पूरे इंतजाम किए गए हैं.
2 लोगों की हुई मौत
घटना को लेकर DCP गणेश शिंदे ने जानकारी देते हुए बताया, कि यह घटना घाटकोपर पुलिस क्षेत्र के अशोकनगर इलाके से सटे हिस्से में हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल से दो शव बरामद किए गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. राहत कार्य में सभी जरूरी टीमों BMC, NDRF और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों के जवान तैनात हैं.
लोगों को बाहर निकालने की कोशिश जारी
JCB और अन्य उपकरणों की मदद से राहतकर्मी मलबा हटाने में जुटे हुए हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मौके पर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है. प्रशासन का कहना है कि जब तक सभी संभावित फंसे लोगों का पता नहीं चलता, तब तक रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा.
पहले भी दी जा चुकी थी चेतावनी
बताया जा रहा है, कि मौसम को देखते हुए NDRF और स्थानीय प्रशासन संवेदनशील पहाड़ी इलाकों का सर्वे कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह देता रहा है. अधिकारियों का कहना है कि कई स्थानों पर ढलानों के पास बने मकान कमजोर स्थिति में हैं और भारी बारिश के दौरान इनके ढहने का खतरा बढ़ जाता है.
मुंबई में येलो अलर्ट जारी
बता दें कि IMD ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मुंबई के उपनगरों में इस मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा 2000 मिमी के पार पहुंच चुका है, जिससे जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है.
यह भी पढ़ें: 10 और 20 रुपए के प्लास्टिक नोटों का ट्रायल शुरू, सरकार ने दी बड़ी मंजूरी
