Bokaro : बेरमो थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबारियों के खिलाफ CISF ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. MMDR एक्ट के तहत CISF की बोकारो-करगली यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर लगभग तीन टन अवैध कोयला और एक महिंद्रा पिकअप वाहन जब्त किया है. साथ ही मौके से दो कोयला कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया है. CCL बोकारो-करगली और ढोरी एरिया में अवैध कोयला परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार एरिया डोमिनेशन गश्ती और गहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.इसी कड़ी में सीआईएसएफ बोकारो-करगली की टीम ने गुप्त सूचना मिलने पर कारो मोड़ के समीप त्वरित कार्रवाई करते हुए चेकनाका लगाया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
जांच के दौरान वहां से गुजर रहे एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वैन को रोका गया. सुरक्षा बलों को चकमा देने के लिए वाहन में नीचे कोयला लादकर ऊपर से पानी की बोतलें रखी गई थीं. जब गहन तलाशी ली गई तो उससे लगभग तीन टन अवैध कोयला बरामद हुआ. CISF की चेकिंग टीम ने मौके से ही वाहन चालक सूरज कुमार सोनी और उसके साथ मौजूद अनिल प्रसाद सोनी को धर दबोचा. इसके बाद जब्त किए गए अवैध कोयले और महिंद्रा पिकअप वैन के साथ दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए बेरमो थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Also Read : मुंबई: कुर्ला में भारी बारिश के बीच भूस्खलन, दो की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका
