Ranchi: 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां राजधानी रांची के पुलिस लाइन में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं. मुख्य समारोह को भव्य बनाने के लिए पुलिस पदाधिकारी, जवान और स्कूली बच्चे मैदान में पसीना बहा रहे हैं.बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में परेड का भव्य रिहर्सल किया गया. इस कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी रही. अधिकारियों ने परेड की टुकड़ियों का निरीक्षण किया और जवानों को मार्च पास्ट से जुड़े जरूरी दिशा-निर्देश दिए. पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन का प्रदर्शन सबसे महत्वपूर्ण होता है. परेड में झारखंड पुलिस के जवान समेत विभिन्न टुकड़ियां शामिल हो रही हैं, जो कदम से कदम मिलाकर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं.

स्कूली बच्चों में दिखा उत्साह
इस समारोह को देखने के लिए स्कूली बच्चे भी पुलिस लाइन पहुंचे और आयोजन का आनंद लिया. विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों बच्चे राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ड्रिल के अभ्यास के लिए पुलिस लाइन पहुंचे. बच्चों के चेहरों पर देशप्रेम का उत्साह साफ देखा जा सकता था. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक यह पूर्वाभ्यास निरंतर जारी रहेगा, ताकि मुख्य समारोह के दिन किसी भी प्रकार की चूक न हो. पुलिस प्रशासन द्वारा मैदान की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं.
Read Also: सिमडेगा में जहरीले सांप ने डंसा, इलाज के लिए ले जाते समय व्यक्ति की मौत
