Ranchi: रांची में पोस्टेड ITBP जवान की रामगढ़ में हुई एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. ITBP के जवान 36 वर्षीय बबन शर्मा उर्फ गुड्डू धनबाद जिले के कुमारधुबी पंचमोहली के रहने वाले थे. उनकी पोस्टिंग रांची में थी. हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
ड्यूटी पर रांची वापस जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बबन शर्मा एक दिन की छुट्टी पर अपने घर कुमारधुबी आए थे. सोमवार को वे अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर रांची वापस जा रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ के गोला चौक के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. सूचना मिलने पर रांची ITBP कैंप से अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई.
रांची स्थित आईटीबीपी कैंप से बुधवार की सुबह जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर कुमारधुबी लाया गया, जिसके बाद जवान का पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘बबन शर्मा अमर रहे’ के नारे गूंजते रहे. स्थानीय लोगों ने बताया कि बबन काफी मिलनसार और मेहनती थे.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा में जहरीले सांप ने डंसा, इलाज के लिए ले जाते समय व्यक्ति की मौत
