News Wave Desk: एक बार फिर फ्लाइट में खराबी आने का मामला सामने आया है. मंगलवार देर रात इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 के लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान का बायां इंजन अचानक बंद हो गया. फ्लाइट कोलकाता से चेन्नई जा रही थी और इसमें 224 यात्री सवार थे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात 11:29 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई, जिसके बाद विमान ने रनवे 25 पर 11 बजकर 47 मिनट पर सुरक्षित लैंडिंग की. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं.
लैंडिंग से पहले सामने आई तकनीकी खराबी
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट रात 11 बजकर 30 मिनट पर चेन्नई लैंड करने वाली थी. लेकिन जैसे ही फ्लाइट चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंड करने की तैयारी कर रहा था, वैसे ही पायलट को संकेत मिले कि विमान का लेफ्ट इंजन काम नहीं कर रहा है.
ATC को अलर्ट, एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी
विमान के इंजन में खराबी का पता चलते ही पायलट ने तुरंत ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी, जिसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा रात 11 बजकर 29 मिनट पर फुल इमरजेंसी लागू कर दी गई. इस दौरान किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए रनवे और एयरपोर्ट परिसर में दमकल, मेडिकल और सुरक्षा टीमें तैनात थीं. हालांकि, रात 11:37 बजे विमान ने चेन्नई एयरपोर्ट के रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की. विमान में मौजूद सभी 224 यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित पाए गए. इसके बाद स्थिति सामान्य होते ही रात 11:47 बजे फुल इमरजेंसी वापस ले ली गई.
इससे पहले एयर इंडिया की फ्लाइट में भी आई थी गंभीर स्थिति
बता दें, कि इससे पहले भी 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एयरबस A320 विमान में भी उड़ान के दौरान अचानक ऊंचाई में तेज गिरावट दर्ज की गई थी. विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी. हालांकि पायलट ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और विमान दिल्ली में सुरक्षित उतार दिया गया. घटना में कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई थीं. ऐसे में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विमान सुरक्षा और तकनीकी निगरानी को लेकर चर्चा तेज कर दी है.
Also Read: अमित शाह की विपक्ष को चुनौती: हर सवाल का जवाब देने को तैयार सरकार, 3 बजे शुरू होगी चर्चा
