Palamu: मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने को पलामू जिला कांग्रेस स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष बिनोद कुमार पाठक उर्फ सीटू पाठक ने गंभीर और अमानवीय स्थिति बताया है. उन्होंने अस्पताल परिसर में खराब पड़े आरओ वाटर सिस्टम की तस्वीर का हवाला देते हुए अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
गरीब मरीजों को बाहर से पानी खरीदने की मजबूरी
बिनोद कुमार पाठक ने कहा कि एमएमसीएच में पलामू प्रमंडल के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं. उनके साथ आने वाले अधिकांश परिजन भी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से होते हैं. अस्पताल में पीने का पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बाहर से पानी खरीदकर पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. उन्होंने इसे मानवीय संवेदनाओं के विपरीत बताया.
खराब आरओ को तत्काल ठीक कराने की मांग
उन्होंने कहा कि अस्पताल में पेयजल उपलब्ध कराना कोई असंभव कार्य नहीं है. यदि अस्पताल परिसर में लगा आरओ खराब है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि एक आरओ मशीन को ठीक कराने में कितना खर्च आएगा. यदि अस्पताल प्रबंधन इतनी छोटी और बुनियादी जरूरत पूरी करने में भी असमर्थ है तो अस्पताल की समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
बिनोद कुमार पाठक ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराती है. इसके बावजूद मरीजों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना चिंताजनक है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव, पलामू प्रमंडल के आयुक्त, पलामू उपायुक्त और सिविल सर्जन से एमएमसीएच में खराब पड़े आरओ समेत सभी पेयजल व्यवस्थाओं की तत्काल जांच कराने की मांग की. उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त एवं निःशुल्क स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि इस बुनियादी समस्या का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो पलामू जिला कांग्रेस स्वास्थ्य विभाग मरीजों और उनके परिजनों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल गरीबों के इलाज और सेवा का केंद्र है, न कि उनकी बुनियादी जरूरतों की अनदेखी का स्थान.
ALSO READ: गुमला में नशे में धुत बेटे ने वृद्ध पिता को दिया धक्का, पत्थर से सिर टकराने पर मौत
