Ranchi: JPSC-JSSC को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि 24 दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर पाई है. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से कैबिनेट की बैठक बुलाना सिर्फ दिखावा नहीं होना चाहिए. सरकार को अब बैठकों और पत्रों की औपचारिकता छोड़कर छात्रों की मांगों पर सीधे फैसला लेना चाहिए.

छात्रों को घंटों इंतजार कराने का आरोप
प्रतुल ने आरोप लगाया कि छात्रों को दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाया गया था. उन्हें गाड़ियों में भी बैठा दिया गया, लेकिन काफी देर इंतजार कराने के बाद उन्हें गाड़ी से उतार दिया गया और कहा गया कि वार्ता का समय बदला जाएगा.उन्होंने कहा कि इस तरह छात्रों को इंतजार कराना ठीक नहीं है. पहले से ही छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और बारिश व उमस के बीच अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं.
‘छात्रों को आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए’
भाजपा नेता ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा आंदोलन है. हजारों छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर हैं. सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए.उन्होंने कहा कि अब केवल कैबिनेट की बैठक कर आधे-अधूरे फैसले लेने से काम नहीं चलेगा. सरकार को छात्रों की जायज मांगों को मानने के साथ यह भी बताना चाहिए कि उन्हें कब तक लागू किया जाएगा.प्रतुल शाहदेव ने कहा, छात्रों को लॉलीपॉप नहीं, न्याय चाहिए. आश्वासन नहीं, आदेश चाहिए और बैठक नहीं, समाधान चाहिए. उन्होंने सरकार से अपील की कि कैबिनेट की बैठक को केवल राजनीतिक प्रबंधन का जरिया न बनाया जाए, बल्कि छात्रों के आंदोलन का स्थायी समाधान निकाला जाए.
ALSO READ: JSSC-CGL चयनित अभ्यर्थियों ने सीएम से लगाई गुहार, कहा- ‘नौकरी पर मंडरा रहा संकट’

