Lohardaga: शहर के गुदरी बाजार स्थित ऐतिहासिक ठकुराइन तालाब का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा. नगर परिषद ने तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की है. इसके तहत तालाब को आकर्षक और लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने मंगलवार को ठकुराइन तालाब का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ विकास कार्यों को लेकर चर्चा की.
तालाब के चारों ओर लगाए जाएंगे सीमेंटेड बेंच
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने बताया कि तालाब के चारों ओर लोगों के बैठने के लिए मजबूत सीमेंटेड बेंच लगाए जाएंगे. इससे सुबह-शाम टहलने और समय बिताने आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी. इसके अलावा तालाब परिसर की दीवारों और आसपास के क्षेत्र में रंग-रोगन कराया जाएगा, जिससे पूरा परिसर आकर्षक और स्वच्छ नजर आए.
पुराने जलाशयों का संरक्षण प्राथमिकता
अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के पुराने जलाशयों का संरक्षण करने के साथ-साथ उन्हें सुंदर और उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है. ठकुराइन तालाब वर्षों से शहर की पहचान रहा है. इसके सौंदर्यीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा और शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी.
पुराने शौचालय को हटाने पर विचार
निरीक्षण के दौरान तालाब के समीप बने पुराने शौचालय का भी जायजा लिया गया. अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए शौचालय को हटाने पर विचार किया जा रहा है. इसके स्थान पर लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर और व्यवस्थित विकल्प विकसित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य दोनों प्रभावित न हों.
स्थानीय लोगों ने रखी साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों ने तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना का स्वागत किया. लोगों ने नगर परिषद से नियमित साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि यदि तालाब परिसर का समुचित विकास होता है तो यह शहरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन सकता है.
जल्द तैयार होगी कार्यों की रूपरेखा
नगर परिषद अध्यक्ष ने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की रूपरेखा शीघ्र तैयार कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाए. उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की प्राथमिकता है. मौके पर सुमित राय, निकुंज साहू, राजेश अग्रवाल सहित आसपास के कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: हजारीबाग: गड्ढों में तब्दील विष्णुगढ़-गोबिंदपुर सड़क, बारिश ने बढ़ाया हादसों का खतरा; जान हथेली पर रखकर सफर
