Hazaribagh: JSLPS से जुड़ी महिलाओं ने प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) राजकुमार पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने और कार्यों में अनावश्यक बाधा डालने का आरोप लगाया है. JSLPS के तीन संकुलों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं प्रखंड मुख्यालय पहुंचीं. महिलाओं ने BDO हारून रशीद से मुलाकात कर BPM के खिलाफ शिकायत करते हुए उनके तबादले की मांग की.
महिलाओं ने BPM पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
महिलाओं का आरोप है कि BPM राजकुमार ने उनके साथ आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया. महिलाओं के अनुसार, BPM ने कथित तौर पर कहा कि “कटोरा लेकर भीख मांगो और गरम पानी से नहा लो.” इस कथित टिप्पणी से महिलाएं काफी आहत हैं. आक्रोशित महिलाओं ने प्रखंड मुख्यालय में नारेबाजी करते हुए BPM के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
JSLPS से जुड़ी महिलाएं काफी आहत
महिला सदस्यों का कहना है कि BPM उनके कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न करते हैं और उन्हें परेशान किया जाता है. इससे JSLPS से जुड़ी महिलाएं काफी आहत हैं. महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक BPM का तबादला नहीं किया जाता, तब तक वे मुख्यालय में किसी प्रकार की रिपोर्ट जमा नहीं करेंगी. महिलाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है. BPM राजकुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया. उन्होंने कहा कि महिला सदस्यों को नियमानुसार कार्य करने के लिए कहा जाता है, लेकिन नियमों का पालन करने की बात कहने पर उनके द्वारा उल्टा झूठा आरोप लगाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. BPM के अनुसार, नियमों के पालन और अनियमितताओं को रोकने के प्रयास के कारण ही महिला सदस्य एकजुट होकर उनका विरोध कर रही हैं.
जिला स्तर से जांच का निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर से जांच का निर्देश दिया गया है. जांच की जिम्मेदारी प्रखंड विकास पदाधिकारी(BDO) हारून रशीद को दी गई है. BDO द्वारा मामले की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों से जानकारी ली जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट एक-दो दिनों में जिला स्तर पर भेजे जाने की संभावना है. जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी.
ALSO READ: हजारीबाग में बिरहोर समुदाय के बीच लगा शिविर, कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट हुआ समाधान
