Hazaribagh : DC हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए DC ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नोटिस तामिला कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
टोल प्लाजा के पास मिलेगी एंबुलेंस सुविधा
बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रतिनिधि ने बताया कि HH और नगवां टोल प्लाजा के समीप एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर संपर्क कर एंबुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है. NHAI के प्रतिनिधि ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रावधानों के अनुसार नेशनल हाईवे के समीप पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए NHAI से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है. इस संबंध में DC ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्देश दिया.
सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुए उपायुक्त
DC ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित अनधिकृत पार्किंग स्थलों को हटाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. बैठक में DC हेमन्त सती के अलावे, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे.
Also Read : रांची: परीक्षा रद्द होना अंत नहीं, अब व्यवस्था बदलने की लड़ाई: देवेंद्रनाथ महतो
