Bokaro: बोकारो में 500 बेड वाले मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण की योजना अब आगे बढ़ेगी. झारखंड सरकार ने इसके निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये की नई राशि जारी की है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत यह राशि स्वीकृत की है. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने राशि जारी करने से संबंधित आदेश जारी किया है. सरकार की इस पहल से बोकारो में बड़े चिकित्सा संस्थान के निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है.
688 करोड़ की योजना,अब तक 400 करोड़ से ज्यादा जारी
बोकारो मेडिकल कॉलेज-अस्पताल की योजना को सरकार ने दिसंबर 2023 में प्रशासनिक मंजूरी दी थी. परियोजना की शुरुआती स्वीकृत लागत करीब 688.49 करोड़ रुपये थी. निर्माण के लिए करीब 721.89 करोड़ रुपये का एकरारनामा किया गया है. नई राशि जारी होने से पहले भी सरकार इस परियोजना के लिए करीब 400.83 करोड़ रुपये उपलब्ध करा चुकी है. अब 100 करोड़ रुपये और मिलने के बाद निर्माण कार्य के लिए फंड की उपलब्धता बढ़ गई है.
काम की गुणवत्ता पर भी होगी कड़ी नजर
सरकार ने निर्माण कार्य के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी निगरानी रखने का निर्देश दिया है. निर्माण की जांच थर्ड पार्टी एजेंसी से कराई जाएगी, ताकि काम में किसी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौते की गुंजाइश न रहे. निर्माण से जुड़ी प्रगति और खर्च की जानकारी भी ऑनलाइन देनी होगी. संबंधित अधिकारियों को हर महीने की 10 तारीख तक काम और खर्च की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
पूरी राशि मिलने के 6 महीने में काम पूरा करने का निर्देश
सरकार ने परियोजना को लेकर समय-सीमा भी तय कर दी है. निर्देश के अनुसार पूरी राशि उपलब्ध होने के बाद छह महीने के भीतर काम पूरा करना होगा. बिना सरकार की अनुमति के निर्माण की समय-सीमा आगे नहीं बढ़ाई जा सकेगी. वहीं, पहले जारी की गई राशि के इस्तेमाल का उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा होने के बाद ही आगे की राशि निकालने की अनुमति होगी.
ALSO READ: लखीसराय पहुंचे प्रशांत किशोर, अशोक धाम मंदिर में भगदड़ के घायलों से की मुलाकात
