Hazaribagh: झमाझम बारिश के बीच कटकमसांडी के होरिया में आयोजित शिव शक्ति क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को बेहद रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ. मौसम की बेरुखी के बावजूद मैदान में दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही और खेल प्रेमियों ने पूरे उत्साह के साथ मुकाबले का आनंद लिया. फाइनल में राकेश 11 और बोंगा टीम के बीच जोरदार भिड़ंत हुई. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया. रोमांचक मुकाबले में राकेश 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की और टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. विजेता राकेश 11 की टीम को नकद पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया. वहीं उपविजेता बोंगा टीम को भी नकद राशि एवं शील्ड प्रदान की गई.
सांसद के सहयोग से खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. उनके सहयोग से खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार और मेडल की व्यवस्था की गई. फाइनल समारोह में सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान मंडल अध्यक्ष कैलाश यादव, मुखिया प्रतिनिधि हलधर यादव और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि प्रमोद यादव भी मौजूद रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया.
आयोजन समिति की रही अहम भूमिका
प्रतियोगिता को सफल बनाने में अध्यक्ष विशेंद्र यादव, सचिव अर्जुन रजक, कोषाध्यक्ष संतोष यादव और खेल संचालन उपेंद्र यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मैच के दौरान रेफरी शिकेंद्र यादव, दिलीप एवं संजय नकुल ने निष्पक्ष तरीके से मुकाबले का संचालन कराया. वहीं कमेंटेटर सुशील कुमार वर्मा और निशांत कुमार सिंह की शानदार कमेंट्री ने बारिश के बीच भी मैदान का माहौल रोमांच से भर दिया. आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे सामने लाने का अवसर मिलता है. इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्द भी मजबूत होता है.
