Hazaribagh: शहर के प्रसिद्ध श्री राम जानकी मठ, बड़ा अखाड़ा ठाकुरबाड़ी परिसर में 17 से 24 अगस्त तक आयोजित जनजातीय गौरव उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान की ओर से आयोजित इस उत्सव में हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनका स्वागत ढोल-नगाड़ों और छाऊ नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति के साथ किया गया. इस दौरान उन्हें द्वादश ज्योतिर्लिंग का दर्शन भी कराया गया.
80 स्टॉलों में दिखा महिला उद्यमियों का हुनर
उत्सव परिसर में अलग-अलग राज्यों से पहुंची महिला उद्यमियों और महिला समूहों की ओर से करीब 80 स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉलों में महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए कपड़े, अचार, फूलों से बने सजावटी सामान, हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य पारंपरिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इन स्वनिर्मित उत्पादों में जनजातीय कला, परंपरा, संस्कृति और महिलाओं के हुनर की अनूठी झलक देखने को मिल रही है. सांसद मनीष जायसवाल ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर महिला उद्यमियों से उनके उत्पादों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की.
सात दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
उत्सव के तहत सात दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हजारीबाग आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के द्वारा किया जा रहा है. इसमें हजारीबाग की विभिन्न संस्थाओं, स्कूलों और कॉलेजों के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी. प्रथम दिन हजारीबाग आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मनीष जायसवाल, बिरसा मुंडा जन कल्याण योजना प्रचार अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय प्रमुख राजमणि, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर रितु, प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर सावंत, महादेव स्मारक खादी ग्राम उद्योग मंडल के अध्यक्ष सुमन देमता, आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के सचिव प्रदीप पाठक, झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, शेफाली गुप्ता, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर पटेल, सदर विधायक कला-सांस्कृतिक विभाग प्रतिनिधि सुबोध सिन्हा और महंत विजयानंद दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
सांसद मनीष जायसवाल को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल को स्मृति चिह्न, मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. वहीं विशेष अतिथि शेफाली गुप्ता को भी मोमेंटो एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में सलीम रजा ने गणेश वंदना प्रस्तुत की. सावंत इंटर कॉलेज खपरियावां के कलाकारों ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी. पैराडाइज ग्रुप के सुनील कुमार सोनी के नेतृत्व में प्रस्तुत नागपुरी लोकनृत्य ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. रागे श्री ग्रुप के चंदन चौबे के नेतृत्व में समूह गायन प्रस्तुत किया गया. इसके अलावा सुबोध सिन्हा, अक्षत सिन्हा और रामकिशोर सावंत ने गायन प्रस्तुत कर सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया.
आयोजन को सफल बनाने में कई लोगों का योगदान
कार्यक्रम का मंच संचालन हंसराज लोहार, संजय तिवारी और करीना गुप्ता ने किया. आयोजन को सफल बनाने में खपरियावां की पूर्व मुखिया मंजू मिश्रा, कुमारी सीमा, ज्योतिष्ण देवी, पूनम मिश्रा, डिंपल सिंह, मरियम टुडू, हजारीबाग आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, अमित गुप्ता, संरक्षक बद्री राम, ज्ञान सागर, शशिकांत उर्फ चुन्नू, उमेश पांडे, अशोक साव, चंद्रिका साव, डॉ. गौतम गुप्ता, आकाशदीप, उज्जवल पाठक और विनोद कुमार का सराहनीय योगदान रहा. मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. जनजातीय गौरव उत्सव-2026 के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, परंपरा, कला और स्थानीय हुनर को मंच देने के साथ महिला समूहों को अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर भी मिल रहा है.
ALSO READ: गिरिडीह: COTPA कानून को लेकर प्रशासन सख्त; 15 प्रतिष्ठानों में छापेमारी,9 हजार जुर्माना वसूला
